मैनपुरी/बिछवां। प्रेमिका ने पहले तो साथ जीने और मरने की कसमें खाई, फिर अचानक उसने शादी से इंकार कर दिया। इससे गुस्साए युवक ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। बिछवां के गांव नगला खगी निवासी युवती के हत्यारोपी ने गिरफ्तारी के बाद सारी कहानी पुलिस को बताई। उसने बताया कि इस काम में उसका एक दोस्त भी शामिल था। गुरुवार को एएसपी ने प्रेसवार्ता कर हत्याकांड का खुलासा किया।
एएसपी ने पत्रकारों को बताया कि थाना बिछवां क्षेत्र के गांव नगला खगी निवासी रूबी के प्रेम संबंध थाना बरनाहल क्षेत्र के गांव ढकपुरा निवासी दिलीप कुमार के साथ थे। एक मार्च की रात युवती का शव गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला था। इस घटना के बाद प्रेमी दिलीप के विरुद्ध हत्या करने का मामला दर्ज कराया गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
गुरुवार को पुलिस ने दिलीप को तिसौली मोड़ के पास से तमंचा के साथ गिरफ्तार कर लिया। जब थाने लाकर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह युवती से प्रेम करता था। रिश्तेदार थे इस वजह से उसके परिजन भी शादी के लिए तैयार थे। उसने काफी रुपया भी खर्च किया, लेकिन एक दिन अचानक परिजन व युवती दोनों ही बदल गए।
बेवफाई पर मार डाला
प्रेमिका की बेवफाई वह सह नहीं पाया और गुस्से में आकर दोस्त उदय प्रताप के साथ एक मार्च की रात गांव नगला खगी पहुंचा। वहां से फोन कर युवती को खेत में आकर मिलने की बात कही। प्रेमिका जब आई तो उससे एक बार फिर से शादी करने की बात कही, लेकिन वह तैयार नहीं हुई। इसके बाद साथी की मदद से गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव पेड़ पर लटका दिया।
20 हजार का इनाम था घोषित
गुरुवार को प्रेसवार्ता के दौरान एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पर 20 हजार का इनाम घोषित था। प्रेम प्रसंग के चलते ही वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी के दूसरे साथी की तलाश की जा रही है।