मथुरा। गर्मी के आने से पहले ही क्षेत्र में पेयजल की समस्या होने लगी। सोमवार को कृष्णा नगर क्षेत्र की दो मलिन बस्तियों में पेयजल समस्या को लेकर पार्षद ने बस्ती वासियों को लेकर जलकल कार्यालय का घेराव किया। अधिकारियों ने गुस्साए लोगों को चार दिन में स्वीकृत नलकूप लगाने का आश्वासन दिया है।
कृष्णा नगर की मलिन बस्ती आंबेडकर नगर और रामभरोसी कालोनी में वर्ष 2018 में ही नलकूप स्वीकृत हो गया था। काफी प्रयासों के बाद भी यहां पर नलकूप नहीं लग सका। वार्ड 32 के पार्षद चंदन आहूजा ने इसके लिए काफी प्रयास किए परंतु कुछ नहीं हुआ। परेशान कालोनी वासियों ने सोमवार को करीब दो बजे जलकल कार्यालय का घेराव कर लिया। सौ से अधिक महिला पुरुषों ने जलकल कार्यालय में मौजूद एई राधेश्याम को खूब खरी खोटी सुनाई। पार्षद चंदन आहूजा ने बताया कि उनके काफी प्रयासों के बाद जब नलकूप स्वीकृत नहीं हो सका तो उन्होंने घेराव किया है।
सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल ने बताया कि दोनों कालोनियों की पेयजल समस्या का जल्द ही समाधान कर दिया जाएगा। घेराव करने वाले लोगों में संतोष चौधरी, प्रेमपाल, साहब सिंह, कमल सिंह, कुंवर पाल, राम सिंह, अजीत सिंह, गुड्डी देवी, हंसो देवी, प्रेमवती, सामंती, शांती देवी, रामदुलारी मौजूद थे।