नंदगांव (मथुरा)। कस्बे का एक सरकारी स्कूल इन दिनों चर्चा में बना हुआ है। शिक्षा के मामले में ये स्कूल प्राइवेट स्कूलों को मात दे रहा है। यहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या 181 है। भूरे का मोहल्ला स्थित प्राथमिक स्कूल नंदगांव दक्षिण में छात्र-छात्राओं को पढ़ाने के लिए 500 से अधिक टीएमएल हैं। शिक्षा में शून्य निवेश नवाचार सिद्धांत के आधार पर इन सभी टीएलएम (शिक्षण अधिगम सामग्री) को कबाड़ सामग्री से बनाया गया है।
ब्लाक में अरविंदो सोसाइटी द्वारा इस स्कूल का चयन किया गया है। यहां डेमो दिखा कर, लैपटॉप, यूट्यूब का प्रयोग कर, विभिन्न गतिविधियों और प्रयोगों द्वारा छात्रों को शिक्षण कार्य कराया जाता है। समय-समय पर अरविंदो सोसाइटी के ट्रेनर राजेश जिंदल अध्यापकों को प्रशिक्षण देकर जाते हैं। प्रधानाध्यापक दयाचंद एवं जयप्रकाश शर्मा की लगन और मेहनत के चलते स्कूल निजी विद्यालयों को मात दे रहा है।
विद्यालय की शुरुआत लाउडस्पीकर के साथ ईश वंदना से होती है। प्रार्थना सभा में ही छात्रों को रोजाना खबरें सुनाई जाती हैं। सद विचार, सामान्य ज्ञान आदि की शिक्षा प्रार्थना सभा में ही दी जाती है। यूट्यूब के माध्यम से तमाम रोचक और ज्ञानप्रद वीडियो बच्चों को दिखाई जाती हैं।