अब गृहमंत्री के पुत्र और जिले के प्रभारी मंत्री से तिरंगा यात्रा की गुहारअ
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज। तिरंगा यात्रा को लेकर लगातार चंदन के परिजन लखनऊ में डेरा डालकर यात्रा की अनुमति के लिए कोशिशों में जुटे हैं। बुधवार को लखनऊ में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र और विधायक पंकज सिंह और जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश पासी से चंदन के भाई विवेक गुप्ता ने मुलाकात करके शहर में चंदन चौक बनवाने और तिरंगा यात्रा की अनुमति दिलाने की मांग की।
गतवर्ष 26 जनवरी को तिरंगा यात्रा को लेकर हुए बवाल और हिंसा में अभिषेक उर्फ चंदन गुप्ता की गोली लगने से मौत हो गई थी। इसके बाद से जिले में लगातार संवेदनशीलता बनी हुई है। चंदन के परिवार ने जिला प्रशासन से तिरंगा यात्रा की अनुमति मांगी थी। प्रशासन ने अनुमति देने से इंकार कर दिया। ऐसी स्थिति में अब चंदन के परिजन लखनऊ में डेरा डाले हैं। चंदन के भाई विवेक ने बुधवार को जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश पासी एवं केंद्रीय गृहमंत्री के पुत्र विधायक पंकज सिंह से मुलाकात की और अपनी मांगे रखीं। विवेक गुप्ता ने बताया कि दोनों ही नेताओं ने उन्हें भरोसा दिया है।