फिरोजाबाद। सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में शिरकत न करने के कारण आगरा में आयोजित ओडीओपी समिट का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। एक जनपद एक उत्पाद कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय समिट का आयोजन आगरा में 11 जनवरी को होने जा रहा था।
ओडीओपी समिट की थीम लेदर, लेदर एसेसरीज, कांच उत्पाद एवं हैंडीक्राफ्ट रखी गई। आयुक्त एवं निदेशक उद्योग के. रविंद्र नायक के निर्देश पर उद्योग विभाग के अफसर फिरोजाबाद से प्रमुख उद्यमी, हस्तशिल्पियों को कार्यक्रम में प्रतिभाग कराने की तैयारियों में जुटे थे। उद्योग विभाग ने 100 लाभार्थियों के ओडीओपी समिट में प्रतिभाग कराने का लक्ष्य रखा था।
इसमें मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, पीएमईजीपी, मुद्रा लोन सहित विभिन्न योजना के लाभार्थियों के प्रतिभाग कराने की योजना बनाई गई थी।
आगरा में 11 जनवरी को आयोजित होने वाली ओडीओपी समिट का कार्यक्रम अचानक निरस्त कर दिया गया। इसके पीछे उद्योग विभाग के अफसरों का तर्क कि आगरा में पीएम नरेंद्र मोदी की नौ जनवरी को विशाल सभा होने जा रही है, जिसमें सीएम योगी आदित्यनाथ भी शिरकत करेंगे। नौ जनवरी को बाद पुन: 11 जनवरी को मुख्यमंत्री के आगरा आने की कम संभावना को देखते हुए कार्यक्रम निरस्त किया है। इसके बाद ओडीओपी समिट कब होगी, तिथि निर्धारित नहीं है।