राया (मथुरा)। कन्हैयालाल की हत्या की गई थी। आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। कन्हैया की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर करवाई थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करके खुलासा कर दिया है। पुलिस ने प्रेमी की मां के साथ प्रेमी के दोस्त को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि इन लोगों ने भी कन्हैया की हत्या में मदद की है।
राया थाना क्षेत्र के गांव परसा की गढ़ी में 17 दिसंबर को कन्हैयालाल अपने घर में फांसी पर लटका हुआ मिला था। शव इस तरह से लटक रहा था कि उसके पैर जमीन को छू रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरूआत में ही मान लिया था कि यह आत्महत्या नहीं है। पुलिस ने हत्या मानते हुए पड़ताल शुरू की। कन्हैया की पत्नी को पुलिस ने शक के दायरे में रखते हुए पूछताछ की तो पूरी तस्वीर ही साफ होती चली गई।
एसपी देहात आदित्य शुक्ला ने बताया कि कन्हैयालाल को उसकी पत्नी नीतू पसंद नहीं करती थी। उसके अवैध संबंध अपनी बहन के देवर विक्की से हो गए थे। कन्हैयालाल ने विक्की के मिलने पर एतराज किया। कन्हैयालाल की पत्नी नीतू ने प्रेमी विक्की उसकी मां अनीता देवी और उसके दोस्त मोनू उर्फ गजेंद्र के साथ मिलकर पति की हत्या करने की योजना बनाई।
साजिश के तहत विक्की की मां अनीता पथरी की बीमारी का बहाना लेकर कन्हैया के घर पर आ गई। 16 दिसंबर की रात को 12 बजे पत्नी ने तीनों के साथ मिल कर सो रहे कन्हैया को चारपाई पर दबोच लिया और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। सुइसाइड दिखाने के लिए भूसे के कमरे में गाटर पर लगे कुंदे पर कन्हैया का शव लटका दिया। राया थाना प्रभारी हरवेंद्र मिश्रा ने पत्नी समेत चारों हत्यारोपियों को पकड़ लिया है। एसएसपी बबलू कुमार ने टीम को 25 हजार का इनाम दिया है।
काफी दिनों से बना रही पति की हत्या की योजना
राया। गांव परसा की गढ़ी में मसाले विक्रेता कन्हैयालाल की हत्या के लिए पत्नी काफी दिनों से योजना बना रही थी। लेकिन उन्हें समय नहीं मिला। इस हत्याकांड का अंजाम 16 दिसंबर को दिया गया, क्योंकि इस रात को गांव में बारात आने वाली थी। उन्होंने सोचा था कि बैंड की तेज आवाज से घर में होने वाला शोर दब जाएगा।