एटा। नटवर नागर, नंद के लाला, ब्रज के गोपाला आज धरती पर अवतार लेंगे। प्रभु श्रीकृष्ण के जन्म को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आ रहा है। जन्माष्टमी पर्व पर कान्हा के विविध रूप देखने को मिलेंगे। जिलेभर में झांकियों के जरिए श्रीकृष्ण का जीवन दर्शन श्रद्धालुओं को दिखाया जाएगा। सोमवार को झांकियां सजाने की पूरे दिन तैयारियां चलती रहीं। इस दौरान बाजारों में भी काफी भीड़ नजर आई।
जन्माष्टमी को लेकर बाजार में कोई लड्डू गोपाल की मूर्ति खरीद रहा है, तो कोई कान्हा को सजाने के लिए पोशाक, पगड़ी, चश्मा खरीद रहा है। इसके साथ ही कान्हा की झांकियां सजाने के लिए भी जोरशोर से लोग जुटे हैं। शहर के सिंधी कॉलोनी के पास बन रही झांकी में कान्हा के बाल रूप के दर्शन होंगे। साथ ही कारागार में कृष्ण जन्म से लेकर बचपन तक की लीलाओं को सुंदर दृश्य दिखाया जाएगा।
झांकी बनाने का काम पिछले कई दिनों से चल रहा है। झांकी में श्रीकृष्ण के विविध रूप और लीलाओं के दर्शन कराए जाएंगे। उधर, पुलिस लाइन स्थित राधाकृष्ण मंदिर में भी झांकी सजाने के लिए कारीगर जुटे हुए हैं। इसके साथ ही सोमवार को घरों में भी कान्हा जन्म की खुशियां मनाई जाएंगी। इस दौरान मंगल गीत गाए जाएंगे और कान्हा को भोग लगाया जाएगा। घरों में महिलाओं ने व्रत और जन्म को लेकर तैयारियां कर ली हैं।
बाजार में उमड़ रही भीड़
जन्माष्टमी को लेकर बाजार गुलजार हैं। बाजार में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ उमड़ रही है। इस दौरान लड्डू गोपाल से लेकर व्रत के सामान की जमकर बिक्री हो रही है। हालांकि व्रत के सामान पर महंगाई नजर आ रही है, लेकिन आस्था के आगे महंगाई मायने नहीं रख रही।