एटा। तीन जगहों पर हुए सड़क हादसे में ग्रामीण सहित तीन लोगों की मौत हो गई। जिनमें शहर के जीटी रोड पर कैंटर की चपेट में आकर ग्रामीण की और पिलुआ क्षेत्र में बाइक से जा रहे युवक की ट्रक की टक्कर लगने से और निधौलीकलां क्षेत्र में स्कोर्पियों की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि अन्य हादसे में चार लोग घायल हो गए। जिन्हें राहगीर और सरकारी एम्बुलेंस टीम ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बरौली मऊ तालुका निवासी पोखपाल (50) पुत्र सुखराम दोपहर के समय दवा लेने के लिए शहर आया था। शहर के जीटी रोड स्थित डा मुकेश जैन के क्लीनिक के सामने वह मौजूद थे। उसी समय कैंटर ने उन्हें चपेट में ले लिया। इससे ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कैंटर को चालक सहित पकड लिया है। इसी क्रम में जनपद फिरोजाबाद थाना एका के नगला गोकुल निवासी दिनेश (22) पुत्र रामवीर अपने गांव के ही मौसेरे भाई जितेन्द्र पुत्र राकेश के साथ बाइक पर सवार होकर पिलुआ क्षेत्र के गुलाबपुर समीप से गुजर रहा था। उसी समय ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दोनो भाई घायल हो गए। परिजन दिनेश का आगरा अस्पताल में इलाज करा रहे थे। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जबकि थाना निधौलीकलां क्षेत्र के गांव नगला मनी निवासी शेरसिंह पुत्र भवंरपाल और सचिन उर्फ सोनू (20) सुखराम बाइक पर सवार होकर अपने ही थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर समीप से गुजर रहा था। उसी समय स्कोर्पियों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी। इससे गंभीर रुप से घायल हुए सोनू को परिजन जिला अस्पताल से आगरा लेकर जा रहे थे। उसी समय रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। दूसरी तरफ रोहताश पुत्र अमरीश और अमरपाल पुत्र राजाराम निवासी रामगढ सकीट एवं अजीत पुत्र भगवानसिंह निवासी रिजोर थाना समीप बाइक से जाते समय कार की टक्कर से घायल हो गए। जिन्हें राहगीरों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।