एटा। यातायात नियमों के साथ साथ ड्राइवर लाइसेंस के लिए होने वाले ऑन लाइन पेपर के बारे में अब एआरटीओ कार्यालय में ही पढने को मिलेगा। इसके लिए जिम्मेदारों की ओर से कार्यालय में एक बड़ी एलईडी स्क्रीन लगवाए जाने की तैयारी की जा रही है, जिससे कार्यालय आने वाले युवा यातायात नियमों की जानकारी कर सके।
दरअसल, अभी तक ड्राइवर लाइसेंस बनवाने के लिए एक एक युवक को तीन तीन बार ऑन लाइन पेपर देना पड़ रहा है, वजह साफ है कि लाइसेंस की चाह रखने वाले युवाओं को ड्राइविंग और यातायात नियमों के चिन्हों के बारे में जानकारी नहीं है, जिससे वह प्रश्र पत्र में फेल हो रहे हैं। इसलिए अब जिम्मेदारों ने मन बना लिया है कि कार्यालय में एक बड़ी एलईडी लगवाई जाएगी। जिस पर यातायात नियम और सड़क पर लगे चिन्हों के बारे में स्क्रोल चलती रहेंगी। जिससे लाइसेंस बनवाने आने वाले युवा पहले स्क्रीन को देखकर कम से कम यातायात नियमों के बारे में तो जान जाएंगे। साथ ही उन्हें प्रश्र पत्र उत्तीर्ण करने में भी सहूलियत मिलेगी।
बहुत से युवाओं को सड़क पर लगे यातायात चिन्हों के बारे में जानकारी नहीं है। ड्राइविंग की जानकारी नहीं है। इसलिए स्क्रीन पर पढ़कर प्राइमरी जानकारी कर सकेंगे। लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देना ही हमारी जिम्मेदारी है।
हेमचंद्र गौतम, एआरटीओ प्रशासन