एटा: मुठभेड़ कर पुलिस ने 14 असलाह सहित एक युवक दबोचा
- फोटो : अमर उजाला
एटा। पुलिस ने मुठभेड़ करते हुए एक व्यक्ति को तमंचो की सप्लाई लेकर जाते समय गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए युवक के कब्जे से एक कंट्रीमेड पिस्टल सहित 14 तमंचे एवं एक बाइक बरामद की है।
पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता करते हुए सीओ सिटी वरुण कुमार ने बताया कि जलेसर पुलिस को सूचना मिली थी कि फिरोजाबाद चौराहा समीप कुछ लोग अवैध हथियारों की सप्लाई लेकर कहीं जा रहे है। सूचना पर सक्रिय हुई जलेसर पुलिस मौके पर पहुंच गई और तमंचा सप्लायरों को पकड़ने का प्रयास करने लगी।
उसी समय बौखलाए आरोपियों ने पुलिस पर जान लेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी। इससे पुलिस कर्मी किसी तरह से बच गए। पुलिस ने साहस दिखाते हुए लेखराज उर्फ लेखा पुत्र खमानी सिंह निवासी बैरमगढ़ थाना इगलाश अलीगढ़ को पकड़ लिया।
जबकि हारून पुत्र अब्दुल सलाम और असमीर पुत्र अजीज निवासी किंदौली गेट हाथरस मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चौदह अवैध असलाह एवं एक बाइक बरामद की है।
पकडे गए आरोपी ने बताया कि उसको तमंचा सप्लाई के पांच सौ रुपये प्रति असलाह के हिसाब से रुपये मिलते है। वही एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने जलेसर पुलिस को पन्द्रह हजार रुपये का इनाम देने की बात कही है।