मैनपुरी। जिले में मंगलवार को अधिकांश एटीएम में कैश नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। आलम यह रहा कि ज्यादातर एटीएम पर नो कैश का बोर्ड लगा हुआ दिखाई दिया या एटीएम के शटर बंद दिखाई दिए। इस दौरान लोग रुपये निकालने के लिए आते और निराश होकर लौट जाते।
मंगलवार को जिले में लोगों को नोटबंदी का दौर एक बार फिर से याद आया। शहर के ज्यादातर एटीएम में नो कैश का बोर्ड लगा देखा। एक-दो एटीएम कार्य कर रहे भी थे, इस कारण उन पर लंबी लाइन लगी हुई थीं। एटीएम में कैश नहीं होने के कारण लोग एटीएम के पास तो गए, लेकिन रुपया नहीं होने के कारण मायूस होकर लौट गए। इस दौरान लोग एक-दूसरे से सच्चाई जानने की कोशिश करते हुए भी दिखाई दिए।
विवेक कुमार का कहना था कि वह चार एटीएम में घूम आए हैं। सभी एटीएम बंद पड़े हुए हैं। गार्ड से पता किया तो उनका कहना है कि कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि रुपयों की बहुत जरूरत है इस कारण एटीएम पर जाना पड़ रहा है, लेकिन रुपये नहीं निकलने से परेशानी हो रही है। एक अप्रैल से 30 सितंबर तक बैंक का व्यस्त सीजन माना जाता है।