फिरोजाबाद। शहर के वार्ड नंबर 47 में पेयजल समस्या और सड़क निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने नगर निगम में पहुंचकर हंगामा करते हुए नारेबाजी की। कांग्रेसियों का कहना है कि नगर निगम अधिकारी हर बार झूठा आश्वासन देते हैं। किसी समस्या का समाधान नहीं कराते।
कांग्रेसियों ने गांधीपार्क से जुलूस निकाला और नारेबाजी करते हुए नगर निगम पहुंचे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरीशंकर तिवारी ने कहा वार्ड नंबर 47 के मोहल्ला दुर्गेश नगर और किशन नगर में सालों बाद भी गलियों का निर्माण नहीं हुआ है। नगर निगम ने टेंडर भी उठाया गया, लेकिन ठेकेदार ने आजतक काम नहीं कराया। महानगर अध्यक्ष गुलाम जिलानी ने कहा कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्र की जनता ने धरना प्रदर्श किया, तब जल्द कार्य कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त करा दिया, लेकिन आजतक कोई काम नहीं हुआ।
सड़क निर्माण की मांग को लेकर अपर आयुक्त प्रमोद कुमार को ज्ञापन दिया। इसके बाद कांग्रेसी नारेबाजी करते हुए जलकल विभाग पहुंचे। यहां पेयजल समस्या को लेकर धरने पर बैठे। पेयजल समस्या पर महापौर के खिलाफ नारे लगाए। नुरुल हुदा लाला राइन ने कहा कि दुर्गेश नगर की कई गलियों में पानी नहीं आता। सुबूर अली ने कहा कि क्षेत्र में नलकूप नहीं होने से जनता को दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है। नलकूप लगाने की मांग को लेकर अवर अभियंता मुंशीलाल वर्मा को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद कांग्रेसियों ने धरना समाप्त किया। जिलाध्यक्ष हरीशंकर तिवारी, महानगर अध्यक्ष गुलाम जिलानी, सुबूर अली, लाला राइन, खुर्शीद बेगम, रुखसाना शाहिस्ता, फरजाना मौजूद रहे।