शिकोहाबाद। रविवार सायं से बिगड़े मौसम के बाद देर रात और सोमवार सुबह हुई तेज बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। बेमौसम बारिश में फसलें बर्बाद होने से किसानों क कमर टूट गई है। सुबह तेज आवाज के साथ कड़कड़ाती बिजली थाना क्षेत्र के गांव आरौंज में गिरने से गाय की मौत हो गई, जबकि गाय बांधने जा रही किशोरी झुलस गई।
आरौंज निवासी रामसेवक की बेटी ललिता 17 सोमवार सुबह साढ़े छह बजे गाय को कमरे से निकाल कर बाहर बांधने जा रही थी। जैसे ही किशोरी गाय को लेकर घर के बाहर निकली, तभी तेज आवाज के साथ बिजली गाय के ऊपर गिरने से गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किशोरी का एक हाथ झुलस गया। बिजली गिरने से गांव में सनसनी फैल गई।
परिवारीजन किशोरी को इलाज के लिए अस्पताल लाए। उधर देर रात और सुबह हुई बारिश, ओलावृष्टि के बाद तेज हवाओं ने खेतों में लहलहाती गेहूं, जौ, सरसों की फसल खेतों में बिढ़ गई। बारिश से आलू की फसल को नुकसान हुआ है। किसानों का कहना है कि विगत तीन साल से आलू किसान बुरी तरह प्रभावित है। इस बार बेमौसम बारिश से किसानों को एक बार फिर नुकसान हुआ है।