टूंडला (फिरोजाबाद)। नगर के एक मोबिल ऑयल व्यापारी के परिवार को एटा में बंध्धक बना लिया गया है। व्यापारी ने ऑटो मोबाइल की दुकान करने वाली महिला पर आरोप लगाया है। आरोप है कि तीन माह से वह उसकी पत्नी व बच्चे बंधक हैं। वह किसी तरह मुक्त होकर आ गया है। पीड़ित ने एटा एसएसपी से शिकायत पत्र देकर परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
टूंडला के बिहारी मार्केट वीरू हलवाई के पीछे निवासी अनिल शुक्ला पुत्र हरिप्रसाद शुक्ला मोबिल आयल कारोबारी है। उसने एटा एसएसपी को शिकायती पत्र दिया है। आरोप है कि एटा के गोस्वामी ऑटो मोबाइल्स की संचालिका विमलेश गोस्वामी को 11 लाख रुपये का माल उधार दिया था।
13 नवंबर को विमलेश ने फोन करके व अपनी गाड़ी व आदमी भेजकर उनसे एटा रुपये ले जाने के लिए बुलाया। एटा पहुंचकर विमलेश ने सात लाख रुपये दे दिए। रुपये लेकर अनिल जैसे ही चलने को हुआ वैसे ही विमलेश ने अपने साथी जसवंत यादव को आगरा जाने की बात कहते हुए उसे टूंडला छोड़ने की बात कही।
अनिल का आरोप है कि जसवंत के साथ वह कार में बैठ गया। जसवंत उसे बहाने से अपने गांव धरवपुर सिकंदराराऊ रोड पर ले गया। जहां उसे बंधक बनाकर रुपये लूट लिए। आठ दिन तक बंधक बनाकर रखा गया। जानकारी करते हुए उसकी पत्नी अपने दो बच्चों के साथ एटा पहुंची, तो उन्हें भी बंधक बना लिया गया।
इस बीच विमलेश उसकी दो कार व उसके घर से जेवर, रुपया, बैंक पासबुक व अन्य कीमती सामान अपने साथ ले गई। सात फरवरी को वह किसी तरह महिला के चंगुल से भाग निकला। अनिल ने एसएसपी एटा से उसके परिवार को महिला से मुक्त कराने की गुहार लगाई है।