बेवर। जिला विज्ञान क्लब की ओर से खाद्य सुरक्षा, खाद्य पदार्थों में मिलावट तथा उनकी सामान्य पहचान के लिए लोगों को जागरूक किया गया। महारानी लक्ष्मीबाई बालिका इंटर कालेज में आयोजित कार्यक्रम में मिलावटी चीजों की जानकारी दी गई।
इस दौरान जिला विज्ञान क्लब समन्वयक एसके तिवारी ने चाय की पत्ती, पिसी धनिया, काली मिर्च में पपीते के बीजों, अरहर दाल की पहचान में उसके किनारे गोल तथा खेसारी दाल के किनारे खुरदरे, दूध में शैंपू, डिटर्जेंट आदि में मिलावट की पहचान की जानकारी दी।
उप खाद्य संरक्षण अधिकारी डॉ. जतिन कुमार ने बताया खाद्य पदार्थों को अखबार पर रखकर न खाएं। गर्म और तैयार भोजन को पालीथिन में न रखें। खाद्य संरक्षण अधिकारी एसपी सिंह, सहायक शैलेद्र कुमार, एसके पांडेय, डॉ. राजीव यादव ने छात्राओं को खाद्य पदार्थों में मिलावट की सामान्य पहचान की जानकारी दी। अध्यक्षता चेयरमैन प्रतिनिधि सरितकांत भाटिया ने की। छात्राओं द्वारा जन जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत करने पर विभाग ने उनको पुरस्कृत किया।