फिरोजाबाद। कौशल विकास मिशन के अंतर्गत विभिन्न ट्रेड प्रशिक्षण पाकर हुनरमंद बन चुके युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए 24 जनवरी को पालीवाल हाल में बड़े रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें नई दिल्ली व नोएडा की आधा दर्जन से अधिक कंपनी आ रही हैं।
कौशल विकास मिशन के तहत जनपद के हजारों युवाओं को शासन द्वारा नामित विभिन्न कंपनियों द्वारा रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें कई बैच पूरे हो चुके हैं। कौशल विकास मिशन यूनिट द्वारा इन युवाओं को रोजगार दिलाने की दिशा में प्रयास शुरू कर दिए हैं।
डीएम नेहा शर्मा व सीडीओ अशोक कुमार से अनुमति मिलने के बाद रोजगार मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कौशल विकास मिशन के प्रबंधक विवेक कुलश्रेष्ठ ने बताया कि प्रशिक्षणार्थियों को बड़ी कंपनियों में रोजगार दिलाया जाएगा। इसके लिए 24 जनवरी को पालीवाल हॉल में विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेले में 500 से अधिक प्रशिक्षणार्थी शामिल होंगे।