फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। बसंत पंचमी पर ज्ञानदीप सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में खेलकूद सप्ताह का सांस्कृतिक कार्यक्रम संग आगाज हुआ। आईपीएल क्रिकेट लीग मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि वृंदावन गुरुकुल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति आचार्य स्वदेशी महाराज और अधिशाषी अधिकारी रामपाल यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
ज्ञानदीप सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में सात दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रम संग शुभारंभ विद्यालय निदेशिका डॉ. रजनी यादव और मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। वक्ताओं ने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल जरूरी है।
स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क होता है। पहले दिन कक्षा एक से पांच और छह से आठ तक के बच्चों की तीन टीमों के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। प्रोफेसर जगदीश यादव ने खिलाड़ियों का प्रोत्साहन किया। मैच सेफ्रेन हाउस, व्हाइट हाउस और ग्रीन हाउस के मध्य खेला गया। तीनों टीमों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में पहुंचे स्वदेशी महाराज ने बच्चों को आशीर्वाद दिया।
विद्यालय निदेशिका डॉ. रजनी ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया यह प्रतियोगिताएं 28 जनवरी तक लगातार जारी रहेंगी। इनमें कबड्डी, खो-खो, लूड़ो, कुर्सी दौड़, बैडमिंटन, टेबिल टेनिस आदि प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। तीनों हाउस के कप्तान क्रमश: केके गुप्ता, अजीत यादव, अरुम मिश्रा ने बेहतर प्रदर्शन किया। डॉ. पीएस राना, संस्थापक राधेश्याम यादव का सहयोग सराहनीय रहा।