फिरोजाबाद। थाना उत्तर के मोहल्ला तिलकनगर में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से दिन दहाड़े चेन लूट ली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों की गिरफ्तारी को पुलिस जुट गई है।
जनपद आगरा के मोहल्ला कमलानगर निवासी राधा राठौर (35) पत्नी दीपक राठौर थाना उत्तर के मोहल्ला सरस्वती नगर स्थित मायके आई थीं। वह अपनी भाभी के साथ पैदल सरस्वती नगर से तिलक नगर की ओर शनिवार अपराह्न करीब ढाई बजे सिद्धेश्वर नाथ महादेव मंदिर से थोड़ा आगे ही पहुंची थी, तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार लुटेरों ने राधा राठौर के गले से सोने की चेन पर झपट्टा मारा।
महिला ने जैसे ही शोर मचाया तो वह लुटेरे आधी ही चेन लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी होते ही थानाध्यक्ष उत्तर पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला है। इसमें एक बाइक पर दो युवकों को महिला के आसपास ही जाते दिखाई दिए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर लुटेरों की खोजबीन शुरू कर दी है।