फिरोजाबाद। धनाभाव के चलते अधर में लटके सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का मुद्दा सदर विधायक मनीष असीजा ने विधानसभा में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि एसटीपी के लिए जल्द द्वितीय किश्त जारी करना बेहद जरूरी है।
सदर विधायक ने एसटीपी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नगर में सीवरेज योजना के अंतर्गत बन रहे एसटीपी का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, परंतु योजना पर स्वीकृत धनराशि 167.74 करोड़ के सापेक्ष अभी तक 139.29 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त हुई।
पिछले आठ महीनों से अवशेष 28.45 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त न होने से एसटीपी का कार्य पूर्णत: अवरुद्ध हो गया है, जिससे अब तक व्यय हुए 140 कररोड़ रुपये का जनता को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा। उक्त योजना का भौतिक सत्यापन डीएम द्वारा कराए जाने के अतिरिक्त नगर विकास द्वारा भेजे गए अधिकारियों द्वारा किया जा चुका है।
डीएम द्वारा 139.29 करोड़ से कराए गए कार्यों का भौतिक सत्यापन कराते हुए वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की आख्या सहित शेष धनराशि 28.45 करोड़ शीघ्र अवमुक्त कराने के संबंध में नगर विकास विभाग को प्रेषित किया जा चुका है। अत: जनहित में एसटीपी पूर्ण कराकर आरंभ कराने के लिए अवशेष धनराशि तत्काल अवमुक्त कराई जाए।
इसके जवाब में नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि योजना का कार्य वर्ष 2008 में प्रारंभ हुआ। परियोजना का प्रथम पुनरीक्षण 30 अक्तूबर 11 को 110.84 करोड़ पर हुआ। द्वितीय पुनरीक्षण लागत 167.74 करोड के सापेक्ष 139.29 करोड़ धनराशि मुक्त की जा चुकी है। उक्त परियोजना का पुन: 204.89 करोड़ का पुनरीक्षण आगणन उपलब्ध कराया गया है, जिसका शासन द्वारा परीक्षण किया जा रहा है।