मैनपुरी। तहसील घिरोर के सगरा अचलपुर के ग्रामीणों ने शनिवार को वन विभाग के खिलाफ कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन सौंपा। बताया कि वन विभाग द्वारा बिना नोटिस दिए फसल खड़े खेतों में गड्ढे खोदे जा रहे हैं। डीएम ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सगरा अचलपुर के ग्रामीणों द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है 40 साल पहले भूमि प्रबंधन समिति द्वारा उनको खुली बैठक के बाद खेती करने के लिए पट्टे दिए गए थे। उन पट्टों को सक्षम अधिकारियों ने स्वीकृति दी गई थी। पट्टा आवंटन के बाद से वे लगातार उस जमीन पर खेती करके परिवार पाल रहे हैं।
खेतों में गेंहू की फसल बोई गई है। 22 दिसंबर को वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर बिना कोई नोटिस दिए जमीन की पैमाइश शुरू कर जेसीबी से गड्ढे खोद दिए हैं, जिससे खेतों में उगी फसल बर्बाद हो जाएगी। आर्थिक नुकसान भी होगा।
गांव के मान सिंह, रामदुलारे, ओमसरन, श्यामसिंह, प्रेमदास, रक्षपाल सिंह, रामजीत सिंह, जबर सिंह, सुखदेवी, सुखवीर सिंह, मुन्नीदेवी, इंदल सिंह, वीरी सिंह आदि मौजूद रहे।