फिरोजाबाद। नगर निगम के वार्ड संख्या-40 से पार्षद देश दीपक के खिलाफ थाना दक्षिण में दो लाख रुपये की जबरन वसूली करने, नहीं देने पर मारपीट, गाली गलौज करने एवं जान से मारने की धमकी का अभियोग दर्ज कराया गया है।
थाना दक्षिण के नई बस्ती कुम्हारों वाली गली निवासी विनोद कुमार वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा पांच दिसंबर की रात करीब दस बजे मैं घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान नई बस्ती जैन मंदिर वाली गली निवासी देश दीपक यादव के पास ही बैठा मिल गया।
विनोद का आरोप है कि देश दीपक यादव ने उसे रोकते हुए गाली गलौज करने के साथ मारपीट की और दो लाख रुपये की मांग करने लगा। विनोद वर्मा ने कहा कि पूर्व में लिए दो लाख रुपये दिए थे उनको दे चुका हूं। इसके बावजूद जबरन रुपये वसूलना चाहता है।
आरोप है कि जाते वक्त उसने रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी निरीक्षक दक्षिण विनोद कुमार ने कहा विनोद कुमार वर्मा की तहरीर पर देश दीपक के खिलाफ अभियोग दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।