मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खरगजीत नगर में सोमवार शाम को एक विवाहिता का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, मायके पक्ष की ओर से दहेज हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।
कन्नौज के गांव सिकंदरपुर निवासी रानी की शादी करीब चार वर्ष पूर्व थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खरगजीत नगर निवासी राजेश कुमार के साथ हुई थी। पति पत्नी मोहल्ले में किराए के मकान में रह रहे थे। सोमवार शाम करीब तीन बजे रानी का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। जानकारी होने के बाद मोहल्ले में हडकंप मच गया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को फंदे से उतारने के बाद सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पति ने बताया कि वह काम से घर लौटा तो शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शक के आधार पर पति को हिरासत में ले लिया है। वहीं मृतका के परिवारीजनों को सूचना दे दी गई है।
मायके पक्ष ने फोन पर पुलिस को दी गई जानकारी में पति द्वारा दहेज को लेकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर कोतवाली का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।