कुरावली। थाना क्षेत्र के गांव तिमनपुरा में चोरों ने एक सूने मकान के ताले तोड़कर लाखों के जेवर व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव तिमनपुरा निवासी मनोज कुमार गुजरात में नौकरी करता है। गांव स्थित मकान अधिकतर बंद ही रहता है। दिवाली पर वह जब घर लौट कर आया तो देखा कि मकान के ताले टूटे हुए थे।
कमरों में अल्मारी और बक्सों में रखी करीब एक लाख रुपये कीमत के जेवर व हजारों की नकदी चोरी हुई थी। चोर घर में रखा गेंहू, चावल बर्तन कपड़ा आदि भी ले गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की है।
चोरी करने के चार आरोपी पुलिस ने पकड़े
दुकानों में चोरी करने के चार आरोपी पुलिस ने पकडे़ हैं। उल्लेखनीय है कि करीब एक माह पूर्व कसबा के जीटी रोड स्थित अतुल मोबाइल पाइंट, राठौर सरिया की दुकान से चोरों ने लाखों के मोबाइल व अन्य सामान चोरी कर लिया था। सरिया की दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज से पता चला था कि दुकान में कम उम्र के चोरों ने छत काटकर रस्सी के सहारे चोरी की वारदात की थी।
जिसके बाद पुलिस लगातार चोरों की तलाश कर रही थी। रविवार रात करीब 12 बजे थाना पुलिस ने जीटीरोड स्थित नहरपुल गैलानाथ पर गश्त के दौरान वहां खडे़ पांच संदिग्ध लोगों से बात करनी चाही। तो सभी लोग वहां से भाग गए। रात भर पुलिस उनकी तलाश करती रही। पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार सुबह घिरोर रोड नहरपुल के समीप चार लोगों को पकड़ लिया।
पकडे़ गए चोर नाबालिग हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के आठ मोबाइल भी बरामद किए हैं। पुलिस भागे हुए साथी चोर की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक पकडे़ गए चोर रात को शादी बारात में लाइट उठाने का काम करते हैं। उसे बाद चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। जैथरा थाने में भी आरोपियों के विरुद्ध चोरी के मामले दर्ज हैं।