मैनपुरी। अक्तूबर में भी अगस्त और सितंबर जैसी गर्मी पड़ रही है। इसके कारण लोग बुखार, डायरिया की चपेट में आ रहे हैं। कुछ दिनों से दमा और सांस की अन्य बीमारियों के पीड़ितों की भी संख्या बढ़ी है।
मौसम की मार लोगों पर भारी पड़ रही है। तापमान में गिरावट न आने के कारण बीमारियां भी कम नहीं हो रही हैं। अक्तूबर के महीने में भी तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। जिसके चलते संक्रामक बीमारियां पनप रही हैं। डायरिया, पाइरेक्सिया, सांस, दमा आदि के मरीज प्रतिदिन अस्पताल में पहुंच रहे हैं।
रविवार को अवकाश के बाद भी जिला अस्पताल की आपातकालीन सेवा में बुखार से पीड़ित होने पर रजनी, देव कुमार, सुषमा चौहान तथा डायरिया से पीड़ित होने पर मनोज सिंह, जहीर, अरविंद, नरेश कुमार, रूप सिंह, गीता देवी, सांस से पीड़ित लक्ष्मी, द्रोपा देवी, रसिक लाल, नेमा देवी तथा जहीना बेगम आदि को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जिला अस्पताल में प्रतिदिन 35 से 40 मरीज भर्ती हो रहे हैं। जबकि ओपीडी में गर्मी के कारण होने वाली बीमारियों से परेशान होकर 200 से 300 तक मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें बाल रोगियों की संख्या सर्वाधिक है।
फिजीशियन डॉ जेजे राम कहते हैं कि अक्तूबर के महीने में अधिक तापमान से बीमारियां पनप रही हैं। ऐसे में लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की जरूरत है। मौसम के मिजाज को देखते हुए ही खान-पान और रहन-सहन पर ध्यान देना होगा।