आगरा। नगरीय निकाय मतदान के दिन चुनिंदा बूथों पर मतदाताओं की विशेष आवभगत होगी। बूथों पर न सिर्फ उनको फूल देकर स्वागत होगा बल्कि वोट डालने के लिए उन्हें लाइन में भी नहीं लगना पड़ेगा। यहां पेयजल, बच्चों के खेलने के लिए झूले आदि की भी व्यवस्था होगी।
विधानसभा चुनाव की तरह पर नगरीय निकाय चुनाव के दौरान भी आदर्श बूथ बनाए जाएंगे। इसके लिए पहले से ही तैयारी की जाएगी। पिछले दिनों चुनाव समीक्षा बैठक को आए राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल ने इस संबंध में दिशा निर्देश भी दिए थे। इसके तहत आदर्श बूथों का सुंदरीकरण किया जाएगा। मतदाताओं के लिए रेट कारपेट बिछाया जाएगा।
बैठने के लिए सोफे रखे होंगे। बूथ पर पहुंचते ही उन्हें पर्ची थमा दी जाएगी। लाइन में न लगना पड़े, इसके लिए उन्हें बैठने के लिए आलीशान टेंट में बैठने की व्यवस्था होगी, यहां मनोरंजन के लिए टीवी लगा होगा। नंबर आने पर वह अपना वोट डाल सकेंगे। यह कवायद मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए की जाएगी। ताकि मतदाताओं को वोट डालना बोझ न लगे। आदर्श बूथ शहर और देहात दोनों क्षेत्रों में बनाए जाएंगे।