उड़ीसा कटक स्थित मंदिर से करीब 25 करोड़ रुपये की मूर्तियां चोरी होने का कनेक्शन एटा से जुड़ा है। कटक पुलिस की जांच में एटा के मूर्ति चोर गैंग संलिप्तता सामने आने के बाद सोमवार को कटक पुलिस ने शीतलपुर और कोतवाली देहात समेत कई स्थानों पर दबिश दी। आलम यह था कि कटक पुलिस अपना वाहन देहात कोतवाली में खड़ा करने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ दबिश देने निकली।
एसएसपी अखिलेश कुमार चौरसिया ने बताया कि पांच दिन पहले उड़ीसा के कटक स्थित एक मंदिर से करीब 25 करोड़ रुपये कीमत की अष्टधातु की मूर्तियां चोरी हुई थीं। कटक पुलिस की जांच में करोड़ों रुपये की हाईप्रोफाइल चोरी का कनेक्शन एटा के मूर्ति चोर गैंग से जुड़ा है। एसएसपी की माने तो कटक पुलिस के पास सर्विलांस एवं सेलफोन सीडीआर से एटा के लोगों के शामिल होने के सबूत हैं। सीडीआर के आधार पर कटक पुलिस ने सोमवार को एटा पहुंच कर कोतवाली देहात पुलिस के साथ आसपास के कई गांवों में दबिश दी है।
हालांकि दबिश के दौरान पुलिस के हाथ मूर्तियां नहीं लगीं हैं। एसएसपी ने बताया शीतलपुर और कोतवाली देहात के गांवों में रहने वाले मूर्ति चोर गैंग के छह सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, लेकिन गैंग के सदस्य फरार लोगों के पास चोरी की मूर्ति होने की आशंका जाहिर कर पल्ला झाड़ रहे हैं। ऐसे में एटा और कटक पुलिस की मुश्किलें बढ़ गई हैं। यही नहीं एटा पुलिस कटक पुलिस साथ में लाई गई मूर्ति चोरों के मोबाइल की सीडीआर डिटेल को फर्जी होने की आशंका जता रही है।