आगरा। माधवी अग्र महिला मंडल की ओर से शनिवार को महाराजा अग्रसेन भवन में ‘अनाथ बेटियों का मायका’ सजाया गया। पश्चिम बंगाल, बिजनौर, मैनपुरी, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और एटा के अनाथ आश्रमों में पली बढ़ीं 40 विवाहित बेटियों ने अपने पति और बच्चों के साथ मायके में सावन की खुशियां मनाईं। इस पल में बेटियां भावुक हो उठीं।
ये सभी शनिवार सुबह ही मायके यानी अग्रसेन भवन में पहुंच गईं। यहां अध्यक्ष पुष्पा अग्रवाल, लक्ष्मी गर्ग समेत अन्य पदाधिकारियों ने बेटियों का गले लगाकर स्वागत किया तो दामादों को टीका लगाकर। इसके बाद बेटियों के हाथों में मेहंदी रचाई गई। सावन के गीत हुए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्घाटन कुसुम अग्रवाल ने किया। ममता अग्रवाल और उनकी टीम ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
बेटियों के ठहरने का इंतजाम भवन में किया गया। रविवार को उन्हें विदा किया जाएगा। वशिष्ट अतिथि राधा अग्रवाल, रजनी अग्रवाल व प्रीति गर्ग रहीं। विधायक जगन प्रसाद गर्ग, बीडी अग्रवाल, सतीश मांगलिक, दिनेश बंसल कातिब, पवन आगरी, सपना गोयल, संयोजिका आभा जैन, मीना अग्रवाल, निर्मला अग्रवाल, मंजू, शशि अग्रवाल, कल्पना मित्त, राजकुमारी बंसल, सरोज अग्रवाल मौजूद रहीं।