नौहझील(मथुरा)। गांव रायकरन गढ़ी में गोली लगने से गंभीर रुप से घायल हुई गर्भवती पुत्रवधू की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। गोली लगने से पेट में पल रहे सात माह के बच्चे की मौत के बारे में विवाहिता को अभी तक बताया नहीं गया है। विवाहिता के भाई ने ससुर समेत आठ लोगों के खिलाफ थाना नौहझील में मुकद्दमा दर्ज कराया है।
थाना नौहझील के गांव रायकरन गढ़ी निवासी रिटायर्ड फौजी अतर सिंह का गुरुवार (13 जुलाई) की सुबह अपने बड़े बेटे अजित से झगड़ा हो गया था। झगड़े के बाद अजित किसी काम से मथुरा आ गया। शाम को फिर घर में हुए विवाद के बाद अतर सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गर्भवती पुत्रवधू राधा (23) को निशाना बनाकर गोली मार दी थी।
गोली राधा के पेट में लगी, इससे राधा के पेट में पल रहे सात महीने के शिशु की मौत हो गई। परिजन राधा को तुरंत अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन कर मृत शिशु निकाला। लेकिन, राधा की हालत अभी तक चिंताजनक बनी हुई है। अलीगढ़ के गांव गोंडा निवासी विवाहिता के भाई चंद्रेश सिंह ने ससुर अतर सिंह, सास रामेश्वरी, देवर अमित, चचिया ससुर ओमवीर व गोविंदी के अलावा मुरारी, उमेश एवं लक्ष्मण के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कराया है।