मथुरा। बेसिक शिक्षा विभाग ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पोशाक वितरण के आदेश को नजरअंदाज कर दिया है। सीएम योगी ने परिषदीय बच्चों को 15 जुलाई तक पोशाक वितरण करने के आदेश दिए थे। जनपदों को बजट भी जारी कर दिया गया। इसके बाद भी अभी तक विद्यालयों को बजट नहीं दिया गया है। जबकि जुलाई का प्रथम सप्ताह बीतने की ओर है। ऐसे में बच्चों की पोशाक समय से तैयार होना मुश्किल हो रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिषदीय विद्यार्थियों की पोशाक का रंग वर्तमान शैक्षणिक सत्र से बदल दिया था। साथ ही हर हाल में नए रंग की ड्रेस का वितरण करने के लिए 15 जुलाई तक समय निर्धारित कर दिया। जनपदों को इसके लिए बजट जारी किया गया। जनपद को भी 27 जून को बजट मिल गया।
बजट मिलने के आठ दिन बाद भी इस धनराशि को विद्यालयों में भेजे जाने की कोई तैयारी नहीं की गई है। जबकि 15 जुलाई में अब मात्र 10 दिन शेष रह गए हैं। जबकि पोशाक वितरण की धनराशि का विद्यालय के खाते में पहुंचने, पोशाक सिलाई के लिए दर्जी तय करने, बच्चों का माप देने और फिर पोशाक के सिलकर आने में भी काफी समय लगेगा।
ऐसे में 15 जुलाई तक पोशाक वितरण हो पाना असंभव प्रतीत हो रहा है। बीएसए शौकीन सिंह यादव ने बताया कि विद्यालयों के खातों में धनराशि भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शीघ्र ही बजट पहुंच जाएगा और यूनिफार्म का वितरण कर दिया जाएगा।