एटा। रिश्तेदारी में जा रहे दंपति से नकाबपोश पल्सर सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर नकदी और जेवरात लूट लिए। दिनदहाड़े लूट की वारदात की जानकारी पर पुलिस ने जिले भर में चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पीड़ित दंपति ने तहरीर दी है।
जनपद हाथरस थाना सिकंदराराऊ के लालगढ़ी निवासी संजय अपनी पत्नी उमा के साथ बाइक से निधौलीकलां में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। पिलुआ क्षेत्र के नगरिया मोड़ समीप पीछे से आए पल्सर सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर दंपति को रोक लिया। तमंचे के बल पर बदमाश दंपति से नकदी और आभूषण लूटकर ले गए।
पीड़ित दंपति ने राहगीरों के माध्यम से 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। सीओ सदर ने बताया कि जांच कराकर बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।