आगरा। एक जुलाई से प्रस्तावित वस्तु एवं सेवा कर में कपड़े पर टैक्स लगाने के विरोध में कपड़ा कारोबारी शनिवार को हड़ताल पर रहेंगे। कपड़ा व्यापारियों के प्रदेशव्यापी विरोध में शनिवार को थोक और खुदरा बाजार बंद रहेगा। शुक्रवार दोपहर में वित्तमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन वाणिज्य कर एडिशनल कमिश्नर को सौंपा जाएगा।
आगरा क्लॉथ मर्केंटाइल एसोसिएशन के बैनर तले शहर के सभी कपड़ा व्यापारी रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कालेज, रावतपाड़ा में एकत्रित हुए। बैठक में कपड़ा व्यापारियों ने कपड़े पर टैक्स लगाने का पुरजोर विरोध किया। दोपहर 12 बजे सुभाष बाजार चौराहे पर सभी कपड़ा व्यापारी सभा करेंगे।
आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल के मुताबिक कपड़े को करमुक्त किया जाना चाहिए था। कानपुर, सहारनपुर समेत प्रदेश के सभी बड़े शहरों में कपड़े के बाजार बंद रहेंगे। अशोक अरोड़ा ने कहा कि सरकार का यह कदम कारोबार विरोधी है।
बैठक में एक्मा अध्यक्ष संजय अग्रवाल, ताराचंद्र गोयल, अशोक अरोड़ा, अशोक गोयल, बृज किशोर अग्रवाल, भारत गौड़, विष्णु जैन, ओम टंडन, सुनील कुमार, रमेश चंद्र वार्ष्णेय, आशीष, अनुज, अजय कुमार और किशन बाबू आदि मौजूद रहे।
आज वाणिज्य कर में सौंपेंगे ज्ञापन
कपड़ा कारोबारी जीएसटी के विरोध में केंद्रीय वित्त मंत्री को संबोधित ज्ञापन शुक्रवार दोपहर एक बजे वाणिज्य कर कार्यालय, जयपुर हाउस में एडिशनल कमिश्नर पीके सिंह को सौंपेंगे।