कासगंज। खनन के पट्टे के नाम पर मुजफ्फरनगर के एक ठग ने 12 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोरों गेट की श्रीगणेश कालोनी निवासी हरिशचंद्र मिश्रा से 8 अप्रैल 2018 को अमित राठौर निवासी तेलियान चौक ने संपर्क मोहनलाल मित्तल निवासी इंद्रा कालोनी मुजफ्फरनगर से कराई। मोहनलाल ने उन्हें बताया कि उसके लक्सर तहसील के रामपुर रायघाटी गांव में 2 से 3 खनन के पट्टे हैं। इसके लिए पार्टनर की आवश्यकता है। हरिशचंद्र ने पार्टनर शिप की डीड तैयार कर मोहनलाल की बातों पर विश्वास करते हुए एकाउंट के माध्यम से मोहनलाल 9.5 लाख रुपये खाते में एवं 2.5 लाख रुपये नकद दिए। इसके बाद मोहनलाल कारोबार की बात करने पर टालमटोल करता रहा। प्रार्थी ने शक होने पर जब कागजातों की जांच कराई तो कागजात फर्जी निकले। उसने आरोपी से जब दी गई रकम वापस मांगी तो वह उन्हें झूठा आश्वासन देता रहा। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ 12 लाख रुपये की ठगी की तहरीर कोतवाली में दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परेशान होकर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी के खिलाफ शनिवार को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। थाना प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरि ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।