आगरा। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया बुधवार को समाप्त हो गई। अब 16 से 31 जनवरी तक चार चरणों में मतदान होगा। नामांकन राशि डेढ़ लाख रुपये होने के बाद भी आगरा से 12 अधिवक्ताओं ने नामांकन दाखिल किया है।
इस बार वरिष्ठ अधिवक्ता दुर्ग विजय सिंह भैया, यूनाइटेड बार के पूर्व सचिव अनूप कुमार शर्मा, प्रो. अरविंद मिश्रा, मुकेश शर्मा, आरएस मौर्या, पूरन सिंह राजपूत, सरोज यादव, हरजीत अरोड़ा, राधा यादव, नेहा गुप्ता, तेज सिंह बघेल मैदान में उतरे हैं। सभी प्रत्याशी चुनाव की तैयारी में जोर-शोर से लगे हैं।
मतदाताओं को लुभाने के लिए कैलेंडर, डायरी, बीएनएस की किताबें भी वितरित कर रहे हैं। इससे पहले प्रवीन कुमार सिंह, दरवेश यादव (दिवंगत), वरिष्ठ अधिवक्ता जेके पाठक बार काउंसिल का चुनाव जीत चुके हैं। प्रदेश के सभी जनपदों में चुनाव होंगे। प्रथम चरण में 16 और 17 जनवरी को आगरा में मतदान होगा। मतदाता सूची में 4,800 अधिवक्ताओं का नाम आ चुका है। कुछ नाम बढ़ने की भी संभावना है।