कासगंज। जिलेभर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए दो दिन चली नामांकन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस नामांकन प्रक्रिया के दौरान 11869 प्रत्याशियों ने पंचायत चुनाव में अपनी किस्मत आजमाने के लिए नामांकन दाखिल किए हैं। बृहस्पतिवार की देर रात तक नामांकन दाखिल करने का सिलसिला चलता रहा।
जिला पंचायत के 23 वार्डों के लिए भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस व अन्य राजनीतिक दलों के अलावा निर्दलीय रूप से 335 प्रत्याशियों ने 380 नामांकन दाखिल किए हैं। इसी तरह से जिले की 423 ग्राम पंचायतों के लिए 4670 प्रधान पद के प्रत्याशियों ने अपने नामांकन दाखिल किए हैं। सर्वाधिक नामांकन सोरों ब्लॉक में किए गए। जबकि सबसे कम प्रधानपद के नामांकन पटियाली ब्लॉक में किए गए। जिले के क्षेत्र पंचायत के 579 वार्डों में 2901 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन दाखिल किए हैं। जबकि सर्वाधिक नामांकन कासगंज ब्लॉक क्षेत्र में किए गए हैं। सबसे कम नामांकन सहावर ब्लॉक में किए गए हैं। ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 3918 नामांकन हुए। जिसमें सबसे ज्यादा कासगंज में नामांकन हुए है तो सबसे कम नामांकन सोरों ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में रहे हैं।