कासगंज ऑक्सीजन की कमी से मौत का शिकार इलैक्ट्रॉनिक कारोबारी अदीप अग्रवाल का फाइल फोटो
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। नगर के इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी की आगरा में तबीयत बिगड़ने पर मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि उनकी ऑक्सीजन मात्रा काफी कम हो गई थी। ऑक्सीजन की व्यवस्था न होने पर कासगंज और फिरोजाबाद से ऑक्सीजन मंगाई, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। कारोबारी की मौत की खबर से शहर के कारोबारी स्तब्ध हो गए। कारोबारियों में शोक की लहर दौड़ गई।
मौत का शिकार इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी अदीप अग्रवाल (62) निवासी बारहद्वारी हुए। बताया कि चार दिन पूर्व वह तबीयत खराब होने पर आगरा इलाज के लिए गए थे। जहां एक निजी चिकित्सालय में उनका इलाज चल रहा था। बृहस्पतिवार को उनकी हालत काफी बिगड़ने लगी। उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। ऑक्सीजन का लेवल लगातार गिरता चला गया। आगरा में ऑक्सीजन की व्यवस्था न होने पर दो ऑक्सीजन सिलेंडर कासगंज से, दो फिरोजाबाद से मंगाए गए, लेकिन ऑक्सीजन उपलब्ध होने के बाद भी कारोबारी की जान नहीं बच सकी। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। शहर के कारोबारी सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते रहे। आगरा से कारोबारी की पार्थिव देह को सीधे कछला गंगाघाट ले जाया गया। जहां उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।