होली के उल्लास पर होगा संगीनों का साया
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज। होली पर्व पर उल्लास के बीच शांति व्यवस्था भंग करना महंगा साबित होगा। चप्पे चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात होगा। उल्लास पर पूरी तरह संगीनों का साया रहेगा। निगरानी के लिए डीएम ने राजस्व विभाग के अफसरों के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी भी लगाए गए हैं। चुनाव के लिए मिले पैरामिलिट्री फोर्स भी होली पर्व पर कड़ी निगरानी करेगा।
पिछले वर्ष 26 जनवरी को हुई हिंसा को लेकर जिला संवेदनशील है। ऐसे में त्योहार को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पूर्व में ही गांव गांव पहुंची पुलिस की टीमों ने ग्रामीणों को आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने को कहा। पुलिस ने पर्व पर सुरक्षा का पूरा खाका खींच लिया है। पर्व से एक दिन पहले विभिन्न थाना पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकालकर शांति का आह्वान किया है। सोरों कोतवाली प्रभारी रिपुदमन सिंह ने पैरामिलिट्री फोर्स के साथ कस्बे में फ्लैग मार्च किया। कोतवाली कासगंज में गुरुवार दोपहर को पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स शहर भर में फ्लैग मार्च करेगी। डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने जिले को 76 सेक्टर में बांटते हुए मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए हैं। एसपी अशोक कुमार शुक्ल ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वह पर्व को लेकर पूरी तरह सतर्क रहें और अपने अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहें।
- सभी राजस्व अधिकारियों के अलावा अन्य विभागों के अफसरों को निगरानी के लिए लगाया है। होली पर्व पर किसी ने शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश की तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी- चंद्र प्रकाश सिंह, डीएम।
- पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स शहर से लेकर गांव तक निगरानी करेगा। पुलिस की टीमें दिनभर ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगी। अशोक कुमार शुक्ल, एसपी।