मथुरा। जनपद के एक लाख अन्नदाताओं के बैंक खातों में रविवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की पहली किस्त भेजी जाएगी। इस योजना में जनपद के तीन लाख किसान लाभान्वित होंगे, जिसमें से 1.71 लाख किसान पंजीकृत हो चुके हैं। इसके लिए रविवार को वेटरनेरी विवि, सभी तहसील मुख्यालय तथा ब्लाकों पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान किसानों को सम्मान निधि योजना के प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे।
मोदी सरकार द्वारा केंद्रीय बजट में किसानों को साल में छह हजार रुपये प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के देने की घोषणा की गई थी। इस योजना में जनपद के दो हेक्टेयर तक जमीन के स्वामी सीमांत किसानों को शामिल किया गया है। जिसके दायरे में जनपद में तीन लाख किसान आ रहे हैं।
किसानों को सम्मान निधि की राशि देने के लिए अब तक पंजीकृत 1.71 लाख किसानों का पंजीकरण तहसील स्तर पर हो चुका है। अब इस योजना के पहले चरण में किसानों के खाते में 2-2 हजार रुपये की पहली किस्त रविवार को जारी की जाएगी।
उपकृषि निदेशक धुरेंद्र कुमार ने बताया कि वेटरनेरी विवि के किसान भवन में आयोजित समारोह के दौरान रविवार को किसानों को इसके प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इसके अलावा तहसील मुख्यालय, ब्लाक कार्यालयों पर कार्यक्रम आयोजित कर किसान सम्मान निधि के प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।
जनपद में लाभान्वित होने वाले किसानों की संख्या- 3 लाख
- अब तक योजना में 1.71 लाख किसानों को किया गया है पंजीकृत
- प्रथम चरण में आज एक लाख किसानों को मिलेगी पहली किस्त
मार्च में होगी दूसरे चरण की शुरूआत
किसान सम्मान निधि के लिए पात्र सीमांत किसानों की ऑनलाइन पंजीकरण का काम दूसरे चरण में मार्च में शुरू होगा। इसमें बाकी सभी किसानों को पंजीकृत करते हुए धनराशि जारी की जाएगी। उपकृषि निदेशक धुरेंद्र कुमार ने बताया कि जनपद मेें 3.50 लाख किसान हैं। इसमें से तीन लाख किसान सीमांत किसान के दायरे में आते हैं।