जसराना(फिरोजाबाद)। नगला बदीला में एक किसान और भैंस को मार चुके हिंसक सांड़ को शुक्रवार को एसडीएम की मौजूदगी में चार घंटे के प्रयास के बाद पकड़ा। सांड़ को बेहोश कर पशु चिकित्सक उसे सरकारी पशु चिकित्सालय लेकर आए।
जसराना के नगला बदीला में तीन दिन पूर्व सांड़ ने गांव के 75 वर्ष के किसान पृथ्वीराज को उस समय पटककर मार डाला जब वो खतों की रखवाली करने गए थे।
मौके पर एक एसडीएम को ग्रामीणों ने बताया कि सांड़ गांव के बाहर बंधे पशुओं को परेशान करने के साथ एक भैंस को भी मार चुका है। डीएम के आदेश पर जिला पशु अधिकारी, एसडीएम जसराना मोहम्मद रिजवान गांव में पहुंचे इसके बाद ग्रामीणों ने सांड़ को पकड़ने का प्रयास किया तो सांड़ उग्र हो गया।
आधा सैकड़ा से अधिक ग्रामीणों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद सांड़ को पानी की टंकी के कैंपस में बंद कर लिया। डाक्टरों की टीम के साथ गए कर्मचारी सांड़ के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।
बाद में युवक सुंदरपाल ने दौड़कर सांड़ को बेहोशी का इंजेक्शन लगा दिया। ग्रामीणों ने उसे रस्सी से बांधकर गाड़ी में लदवा दिया। भारतीय किसान यूनियन भानू के प्रदेश महासचिव विजेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
अधिकारी उसे लेकर पशु चिकित्सालय लेकर आए। एसडीएम मोहम्मद रिजवान ने कहा कि हिंसक हो रहे सांड़ को पकड़ा है। उसे सरकारी पशु चिकित्सालय में रखा जाएगा।