कुरावली (मैनपुरी)। वाहन चेकिंग के दौरान दरोगा ने एक युवक की बाइक को रोक लिया। आरोप है कि कागजात पूरे होने के बावजूद दरोगा ने युवक को थप्पड़ जड़ दिया। साथ ही जेब में रखे पर्स से पांच सौ रुपये निकाल लिए। एसपी से शिकायत की गई है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला कौआटोला निवासी अतीक अहमद मोहल्ले के ही उसलम उर्फ पप्पू के साथ 10 जनवरी की सुबह करीब 11 बजे बाइक से पेट्रोल भरवाने के लिए जा रहा था। जीटी रोड पर नहर पुल गैलानाथ के पास वाहन चेेकिंग हो रही थी। चेकिंग कर रहे एक दरोगा ने उसे रोक कर कागजात दिखाने के लिए कहा, जब वह कागजात दिखाने लगे तो तभी सिपाही दो सौ रुपये मांगने लगा।
आरोप है कि रुपये देने का विरोध करने पर दरोगा ने थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद सिपाही और दरोगा ने मिलकर लात घूंसों से जमकर मारपीट की। आरोप है कि दरोगा ने पर्स में रखे पांच सौ रुपये भी निकाल लिए। पीड़ित ने पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक, डीआईजी स्थापना लखनऊ, मानवाधिकार आयोग समेत अन्य स्थानों पर शिकायती पत्र भेज कर कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही एसपी अजय शंकर राय को भी प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है। एसपी अजयशंकर राय ने बताया कि ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं है, शिकायत आएगी तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।