मथुरा। चांदी कारोबारी की 5.90 किलो वजन की पायलें हड़पने के लिए शनिवार को उसके एक कारीगर ने लूट की साजिश रच डाली। कारीगर मीनाकारी के लिए पायलें ले गया इसके बाद रास्ते में पायलों से भरा थैला अपने दोस्त को थमा दिया। फिर लूट होने का हल्ला कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने एक घंटे में ही इस फर्जी लूट का पर्दा उठा दिया। कारीगर को पकड़ने के बाद पुलिस की एक टीम कारीगर के दोस्त को पकड़ने वृंदावन गई है।
शनिवार को कोतवाली की कोयला गली निवासी शैलेष अग्रवाल की 5.90 किलो वजन की चांदी की पायलों को वृंदावन के गांव तेहरा, हाल बिरला मंदिर निवासी कारीगर करन मीनाकारी कराने के लिए ले गया था। वह वृंदावन गेट के पास किराए की दुकान में पायल पर मीनाकारी करता था।
लेकिन चांदी हड़पने की फिराक में उसने गांधी पार्क पर पहुंचकर पायलों का थैला अपने दोस्त को थमा दिया। इसके बाद चांदी कारोबारी शैलेष के घर जाकर लूट होने का हल्ला मचाने लगा।
यह सुनकर कारोबारी शैलेष आनन-फानन उसे लेकर मौके पर पहुंचा। उसने पुलिस को भी सूचित किया तो गोविंदनगर और कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाई, मौके पर हर कोई लूट से इंकार करने लगा।
ऐसे में पुलिस ने शक के आधार पर करन पर सख्ती की तो एक घंटे के अंदर उसने सच उगल दिया। उसने पुलिस के सामने चांदी हड़पने के लिए थैला दोस्त को सौंपने की बात स्वीकार की।
एसपी सिटी श्रवण कुमार ने बताया कि वृंदावन के एक दोस्त को थैला सौंपा गया है। उसे पकड़ने को टीम भेजी गई है। नाम का खुलासे से उसको भागने का मौका मिल जाएगा। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।