निर्माणाधीन तालाब से एसडीएम ने हटवाए अतिक्रमण
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज। सिढ़पुरा में नगर पंचायत द्वारा बनाया जा रहा तालाब विवादों से घिरता जा रहा ह। तालाब के इलाके में अवैध अतिक्रमण शनिवार को एसडीएम पटियाली धीरेंद्र कुमार सिंह की मौजूदगी में हटाए गए। तालाब क्षेत्र में 50 अतिक्रमणकारियों को प्रशासन ने चिह्नित किया है। विधिक प्रक्रिया के बाद इनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
सिढ़पुरा के तालाब निर्माण को लेकर कस्बे के ही पूर्व सभासद मुनीश कश्यप की पत्नी विश्वलता ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर करके नगर पंचायत पर सुंदरीकरण की आड़ में तालाब पर दुकानें बनाने का आरोप लगाया। यह याचिका कोर्ट ने मंजूर कर ली और जिला प्रशासन को हलफनामा देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी आरपी सिंह ने स्वयं तालाब का निरीक्षण किया। उनके निर्देशों पर उपजिलाधिकारी धीरेंद्र कुमार ने शनिवार को कुछ अतिक्रमण हटवाए। नगरपंचायत के द्वारा बनाई गई। दीवार को भी गिरा दिया गया। उपजिलाधिकारी ने बताया कि करीब 50 अतिक्रमणकारी चिह्नित किए गए हैं। जिनके खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। अस्थायी अतिक्रमण हटाने का काम किया गया है। तालाब नगर पंचायत द्वारा निर्धारित परियोजना के अंतर्गत बनाया जाएगा।
क्या बोले पूर्व सभासद
पूर्व सभासद मुनीश कश्यप का कहना है कि उनकी पत्नी विश्वलता ने जनहित याचिका हाईकोर्ट में दायर की है। जिस पर 10 जनवरी को सुनवाई होगी। नगरपंचायत द्वारा सुंदरीकरण की आड़ में तालाब को मिट्टी डालकर पाटा जा रहा है। तालाब को सुरक्षित रखने के लिए उन्होंने यह याचिका दायर की है। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष के परिजनों पर गाली गलौज करने व धमकाने का आरोप लगाया है।
क्या बोले अध्यक्ष प्रतिनिधि
पूर्व सभासद के पिता ने गलत तरीके से अतिक्रमणकारियों को रजिस्ट्री कर रखीं हैं। उनके आरोप बेबुनियाद हैं। नगर पंचायत की तालाब का सुंदरीकरण कराकर पार्क विकसित करने की योजना है।