मैनपुरी। नववर्ष के जश्न की तैयारियां शुरू हो गई हैं। युवाओं में इसे लेकर अलग ही उत्साह है। कोई पार्टी के आयोजन के लिए तैयारियां कर रहा है तो कई अपने दोस्तों व संबंधियों के लिए उपहारों की खरीदारी कर रहा है। इससे बाजारों में भी उछाल आ गया है।
31 दिसंबर की शाम से ही नए साल की बधाई का सिलसिला शुरू हो जाएगा। युवाओं द्वारा हर साल नववर्ष की पूर्व संध्या पर ही पार्टी की जाती हैं। इसमें युवा जमकर धमाल मचाते हैं। नए साल की बधाई के साथ उपहारों का चलन तो आम है।
इन उपहारों की खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया है। बाजारों में गिफ्ट कॉर्नर्स पर लोगों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ रही है। दुकानों पर सौ रुपये से लेकर तीन हजार रुपये तक के उपहार उपलब्ध हैं। कोई उपहार के लिए टेडी बीयर खरीद रहा है तो कोई घड़ी, चश्मे और सीनरी को पसंद कर रहा हे। दुकानदार भी इस मौके को भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक खरीदारी का सिलसिला चलता रहता है।
डिजिटलाइजेशन के समय में अब ग्रीटिंग कार्ड गुजरे जमाने की बातें हो गई हैं। दुकानदार बताते हैं कि अब बहुत कम ही लोग ग्रीटिंग कार्ड को बधाई देने के लिए प्रयोग करते हैं, इसके चलते इनकी मांग भी काफी कम हो गई है।