एटा। अतिसंवेदनशील बीमारी एचआईवी (एड्स) की दवा का जिला अस्पताल में टोटा है। मांग के बावजूद जिला अस्पताल में दवा की आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे मरीजों को नियमित दवा का वितरण नहीं हो पा रहा है।
जिला अस्पताल में जिले भर के एचआईवी मरीजों को दवा का वितरण किया जाता है। इनकी संख्या तकरीबन 140 है लेकिन लगभग एक माह से एचआईवी नियंत्रण कक्ष में दवा नहीं है। काउंसलर ने सीएमओ से शिकायत कर कहा कि दवा की कमी चल रही है। इसको लेकर एचआईवी जैसी बीमारी से ग्रसित लोगों को दवा का वितरण नहीं हो पा रहा है। अस्पताल प्रशासन की ओर से दवा मुहैया कराने के लिए अभी तक कोई पहल नहीं की जा सकी है। बार-बार दवा की मांग की जाने के बावजूद भी कोई कदम नहीं उठाया गया। कर्मचारी मरीजों को दवा की खुद व्यवस्था करने को कह देते है।
एचआईवी दवा की कमी काफी लंबे समय से चल रही है। 26 नवंबर से लगातार मांग की जा रही है लेकिन अभी तक दवा मुहैया नहीं कराई गई है। अलीगढ़ से खुद दवा लेकर आने को बोला जा रहा है। सीएमओ को भी शिकायत दर्ज करा दी है।
अंजू सक्सेना, काउंसलर एचआईवी/एड्स नियंत्रण
एचआईवी नियंत्रण कार्यक्रम की काउंसलर ने दवा की कमी होने की शिकायत की है। जिला अस्पताल की ओर से लापरवाही उजागर हो रही है। जल्द ही दवा भी मुहैया कराई जाएगी।
डा. अजय अग्रवाल, सीएमओ