टूंडला। यूनिवर्सिटी द्वारा रिजल्ट रोकने से नाराज बीए, बीएससी व बीकॉम द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने सुभाष चौराहे पर जाम लगा दिया और हंगामा किया। अधिकारियों ने उन्हें समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद तहसील में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
वर्ष 2018 में टूंडला के बंशीधर महाविद्यालय के स्नातक द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों का आगरा रोड स्थित चौ. मुल्तान सिंह महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया था। परीक्षा में लेट पेपर कराने, पेपर दूसरा देने आदि को लेकर परीक्षार्थियों ने कई बार हंगामा किया था। किसी तरह परीक्षाएं तो हो गईं, किंतु उनका परीक्षा परिणाम नहीं आया। जब उन्होंने विश्वविद्यालय पहुंचकर पता किया, तो पता चला कि परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल पकड़ने के कारण परीक्षाफल रोका गया है। छात्र-छात्राओं का कहना है कि वे कालेज व विवि के चक्कर लगा रहे हैं, किंतु सुनवाई नहीं हो रही है।
गुरुवार दोपहर करीब 100 छात्र-छात्राएं सुभाष चौराहे पहुंच गए। उन्होंने नारेबाजी की और जाम लगा दिया। जाम लगाकर हंगामा करने की सूचना पर प्रशासन में खबलबली मच गई। सीओ संजय वर्मा पुलिस फोर्स के साथ पहुंचेे। उन्होंने भरोसा दिलाकर जाम खुलवाया। इस बीच वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसके बाद सभी तहसील पहुंचे और एसडीएम डा. सुरेश कुमार को समस्या संबंधी ज्ञापन राज्यपाल के नाम दिया।
इस दौरान, विजय कुमार, राहुल सिंह, पंकज कुमार, मनोज कुमार, प्रवेश कुमार, अतुल कुमार, पवन कुमार, प्रशांत कुमार, गिरधारीलाल, निर्दोष कुमार, पंकज कुमार, हरीओम, प्रहलाद सिंह, गिर्राज, वेदप्रकाश आदि मौजूद थे।