कासगंज। नगर में एक रेडीमेड कारोबारी युवक की बुधवार की शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक की हत्या के मामले को लेकर शहर में सनसनी फैल गई है। बड़ी संख्या में कारोबारियों की भीड़ एकत्रित हो गई। युवक को अशोक नगर चिकित्सालय ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।
हत्या का शिकार युवक प्रतीक जैन उर्फ बौबी 29 पुत्र बसंत जैन निवासी लक्ष्मीगंज हुआ। बताया गया कि बौबी शाम करीब साढ़े 5 बजे बाइक से अपने साथी सचिन सिन्हा एवं गुड्डू के साथ सहावर गेट रामवली कॉलोनी की ओर जा रहा था। तभी सामने की ओर से लाल रंग की बाइक पर दो युवक आए और उन्होंने बौबी जैन के सीने पर गोली मार दी। गोली लगते ही बौबी गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हा गई। हत्यारे वारदात को अंजाम देकर बाइक से फरार हो गए। जैसे ही घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस को मामले की जानकारी दी। इससे पूर्व बौबी के साथी व आसपास के लोग उसे चिकित्सालय ले गए। परिवारीजनों को घटना की सूचना मिली तो वे भी अस्पताल पहुंच गए। बौबी के परिवार में कोहराम मच गया। पूरे लक्ष्मीगंज के कारोबारी और बाजार के कारोबारी अशोक नगर अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। चिकित्सकों ने बौबी को मृत घोषित कर दिया। बौबी जैन की हत्या से लोगों में आक्रोश देखा गया। लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं थीं। बौबी अपने भाईयों के साथ नदरई गेट पर रेडीमेड का कारोबार करता था। पूरे परिवार में कोहराम के हालात बने हुए थे। बौबी के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। बौबी के भाई सनी जैन ने अज्ञात हत्या के आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीकृत कराया है।
डीएम, एसपी ने घटना की ली जानकारी
कासगंज। जिलाधिकारी आरपी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा ने कोतवाली पहुंचकर कारोबारी की हत्या के मामले में विस्तार से जानकारी ली। दोनों ही अधिकारियों ने मृतक कारोबारी के भाई सनी जैन से भी पूछताछ की। घटना के कारणों और लेन-देन आदि के बारे में भी पूछा। डीएम, एसपी ने बताया कि अभी हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। शीघ्र ही इस हत्या का खुलासा होगा। पुलिस टीम गठित कर दी गई है।
कारोबारी के दोनों साथियों से पुलिस कर रही पूछताछ
कासगंज। कारोबारी की हत्या के मामले में पुलिस ने घटना के दौरान कारोबारी के साथ मौजूद युवक गुड्डू एवं सचिन सिन्हा से घटना के संबंध मे जानकारी ली है। पुलिस हत्यारों के संबंध में उनसे पूछताछ कर रही है। हत्यारों के हुलिया आदि के बारे में भी जानकारी जुटाई गई है। दोनों ही युवक देर रात तक कोतवाली पुलिस के पास ही थे।
एसपी ने किया अलर्ट जारी, कई थानों का पुलिसबल तैनात
कासगंज। पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा ने कारोबारी युवक की हत्या के बाद तत्काल ही जिले में अलर्ट जारी कर दिया। चिकित्सालय और पोस्टमार्टम गृह पर बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी को तैनात कर दिया गया। जिससे आक्रोश न पनप पाए। वहीं शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई और अतिरिक्त पुलिसबल की तैनाती कर दी गई।