दरगाह पर होने वाली आय की जांच को पहुंची प्रशासनिक टीम
- फोटो : अमर उजाला
जलेसर। जात के दौरान दर्ज की गई शिकायतों को लेकर एडीएम ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दरगाह का निरीक्षण किया। करीब दो घंटे तक जांच पड़ताल की।
भाजपा नेता रामजीलाल राजपूत एवं ग्राम प्रधान सुरेशचंद्र राजपूत जलेसर देहात ने विधायक संजीव दिवाकर के माध्यम से शासन को शिकायत दर्ज कराई थी कि बड़े मिया की दरगाह पर होने वाली आय को ग्राम समाज अथवा सरकारी खजाने में जमा कराया जाए।
विधायक की शिकायत को मद्देनजर रखते हुए प्रदेश सरकार ने अपर जिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी रामशंकर, तहसीलदार आरके त्यागी की तीन सदस्यीय कमेटी को एक सप्ताह के अंदर जांच रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।
जांच के लिए दरगाह पर पहुंचे अपर जिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने दोनों पक्षों को मौके पर बुलाकर जानकारी ली। दरगाह कमेटी ने बताया कि चढ़ावे की रकम को दरगाह के कार्यों में खर्च किया जाता है। जात करने आने वाले श्रद्धालुओं की पूर्ण सुरक्षा की जाती है। वहीं शिकायत कर्ताओं ने कहां कि अषाढ़ मास में लाखो रुपये का चढ़ावा आता है। वहीं प्रत्येक शनिवार एवं बुधवार को जात वालों की भीड़ आती है। उनके द्वारा भी चढ़ावा आता है। दरगाह प्रबंधन कमेटी द्वारा स्थल के विकास पर कोई खर्चा नहीं किया जाता है।
शनिवार को दरगाह नहीं मंदिर की होती है पूजा
शिकायत कर्ताओं का कहना है कि दरगाह पर गुरुवार और शुक्रवार को पूजा अर्चना होती है। शनिवार को नहीं, उनके धर्म स्थलों पर कभी भी नारियल और कोढ़ी आदि नहीं चढ़ते और न ही सातिया काढ़े जाते हैं। जबकि शनिवार को होने वाली जात पर सभी कार्य होते है।