मथुरा। हाईवे की पुष्प विहार कालोनी से घर के बाहर खेल रहे पौने तीन साल के बच्चे का अपहरण कर लिया गया। दिनदहाड़े हुए अपहरण से सनसनी फैल गई। अपह्त बच्चा अपने मां और पिता के साथ मौसेरी बहन की शादी में पंजाब के लुधियाना से आया था। बच्चे का सुराग न मिलने पर अपहरण का मुकदमा दर्जकर हाईवे पुलिस तलाश में जुटी नाकामी हाथ लगी। एसएसपी बबलू कुमार ने भी पुष्प विहार कालोनी पहुंचकर सकुशल बरामदगी का भरोसा परिवार को दिया।
पंजाब के लुधियाना के शिव मंदिर निवासी कुंवरचंद अपने साढ़ू सुरेश की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए परिवार मथुरा आया। थाना हाईवे की पुष्प विहार कालोनी में शादी समारोह में हर कोई व्यस्त था। इसी बीच कुंवरचंद का पौने तीन साल का बेटा अमन लापता हो गया।
काफी देरतक बच्चे के न मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। हर कोई बच्चे की तलाश में जुट गया। आखिरकार परिजनों ने पुलिस का सहारा लिया। थाना हाईवे में अपहरण का मुकदमा दर्जकर पुलिस तलाश में जुटी, पर कोई सुराग नहीं मिला। हाईवे पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो कुछ आस जगी।
प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक युवक बच्चे को गोदी में ले जाता दिख रहा है। प्रतीत ऐसा हो रहा है कि कोई पहचान वाला युवक उसे ले जा रहा है। युवक की तलाश की जा रही है। सुरक्षित बालक को बरामद कर अपहरणकर्ता को गिरफ्तार किया जाएगा।
2016 में अंश की सकुशल की थी बरामदगी, फिर चुनौती
महानगर के सौंख रोड से अंश यादव के हुए अपहरण के बाद 48 घंटे के अंदर 16 अगस्त 2016 को सकुशल बरामदगी कर ली गई थी। तब भी एसएसपी बबलू कुमार थे। सकुशल बरामदगी पर एसएसपी समेत पुलिस अफसरों का सम्मान भी किया गया था।
दो साल पहले जैसी चुनौती एसएसपी बबलू कुमार के सामने फिर आ गई है। सकुशल बरामदगी को एसएसपी ने चार टीमें लगाई हैं, जो कि पूरी तन्मयता से जुटी हुई है।
अपह्त बच्चे की सकुशल बरामदगी कराते हुए अपहरणकर्ताओं को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
- बबलू कुमार एसएसपी