मथुरा। जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या एक पर बुधवार सुबह तूफान एक्सप्रेस आई तभी यात्रियों के बीच से निकल कर करीब 30 वर्षीय युवक ट्रेन के आगे कूद गया। इस दृश्य को देख यात्रियों की चीख निकल गई। चंद क्षणों में ट्रेन की गति थम गई। लोगों ने युवक की हालत जानने के लिए ट्रैक पर देखा तो वह पटरियों के बीच पड़ा था। उसके सिर से खून रिस रहा था।
युवक के ट्रेन के आगे कूदने की जानकारी मिलने के बाद आरपीएफ स्टाफ पहुंचा। युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अचेत होने से पूर्व वह सिर्फ मोनू और रानी नाम बता पाया। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक सीबी प्रसाद ने बताया कि युवक आत्महत्या करने के लिए तूफान एक्सप्रेस के आगे कूदा था। पटरियों के बीच में गिरने की वजह से उसकी जान बच गई। उसके परिजनों के बारे में पता किया जा रहा है।