एटा। कासगंज के गंजडुंडबारा के ई-रिक्शा चालक की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद उसके शव को आरोपियों ने बागवाला क्षेत्र में और उसका ई-रिक्शा सिढ़पुरा क्षेत्र में लावारिस हालत में छोड़ दिया। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कासगंज के गंजडुंडवारा के मोहल्ला काछियान निवासी दिनेश (19) पुत्र जगदीश शाक्य ई-रिक्शा चालक है। वह शनिवार सुबह करीब नौ बजे ईरिक्शा लेकर घर से निकला था। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इस पर परिजनों ने थाना गंजडुंडवारा में गुमशुदगी दर्ज कराई।
इधर, रविवार दोपहर थाना बागवाला क्षेत्र के गांव नगला परमसुख के लोगों ने गंजडुंडवारा रोड स्थित झाड़ियों में शव देखा। जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव की शिनाख्त दिनेश के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने दिनेश का ई-रिक्शा लावारिस हालत में सिढ़पुरा क्षेत्र स्थित काली नदी के समीप से बरामद किया। थाना प्रभारी बागवाला अखिलेश तिवारी ने बताया कि मामले की जांच कर हत्यारोपियों का पता लगाया जा रहा है।