एटा। बोर्ड उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन पारिश्रमिक भुगतान के लिए 68 लाख रुपये की पहली ग्रांट मिल चुकी है। इसके साथ ही जिले के एक हजार से अधिक परीक्षकों-उप प्रधान परीक्षकों के यात्रा भत्ता एवं पारिश्रमिक भुगतान का रास्ता साफ हो गया।
मार्च में समाप्त मूल्यांकन पारिश्रमिक की पहली किश्त जिले को मिल गई है। पूरे भुगतान के लिए मांगा गया 92 लाख रुपये से अधिक की राशि के सापेक्ष जिले को 68 लाख रुपये मिल गए हैं। इनमें से एक लाख तीस हजार रुपये यात्रा भत्ता एवं 66.64 लाख से अधिक की राशि मूल्यांकन पारिश्रमिक के लिए हैं। बता दें कि पांच मूल्यांकन केंद्रों पर आईं सात लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 179 उप प्रधान परीक्षक और 1685 परीक्षक नियुक्त किए गए थे। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सत्यवीर सिंह दिवाकर एवं शर्मा गुट के पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज तिवारी ने उपनियंत्रकों से भुगतान के साथ ही अवशेष राशि का मांगपत्र प्रस्तुत करने का आग्रह किया है।
मूल्यांकन केंद्र, यात्रा भत्ता राशि, मूल्यांकन अनुदान राशि
श्री गांधी स्मारक इंटर कालेज, 25 हजार रुपये 1358700 रुपये
राजकीय इंटर कालेज, 30 हजार रुपये 2804800 रुपये
राजकीय बालिका इंटर कालेज, 25 हजार रुपये 876000 रुपये
क्रिश्चियन इंटर कालेज, 25 हजार रुपये 938100 रुपये
आर्य इंटर कालेज, 25 हजार रुपये 687300 रुपये